उरई/एट। मंदिर में छह साल की मासूम से प्रसाद देने के बहाने अश्लील हरकतें करने वाले पुजारी के खिलाफ लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों को आता देखकर पुजारी भाग गया। इसके बाद परिजनाें की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर फरार आरोपी पुजारी की तलाश तेज कर दी है। गुस्साए लोगों ने पुजारी की कार को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर किया।
एट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बुधवार शाम उसकी छह वर्षीय बेटी अपनी सहेलियों के साथ मंदिर गई थी। पुजारी जंग बहादुर निरंजन ने उसके साथ छेड़खानी की। घर आकर मासूम ने रोते हुए घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन पुजारी से बात करने के लिए ग्रामीणों के साथ मंदिर परिसर पहुंचे।
छत पर टहल रहे बाबा ने परिजनों के साथ ग्रामीणों को आता देखा तो आरोपी पुजारी छत से कूद कर फरार हो गया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मंदिर के बाहर खड़ी पुजारी की कार को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने मासूम के पिता की तहरीर पर आरोपी पुजारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कोंच क्षेत्राधिकारी उमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि एट थाना क्षेत्र के गांव में छेड़खानी का मामला सामने आया था ।जहां पर आरोपी के खिलाफ परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तर कर लिया जाएगा।