माधौगढ़। जल संस्थान पिछले पांच माह से पेयजल टंकी की मुख्य लाइन का वाल्व नहीं बदल पा रहा है। इस वजह से पानी का लीकेज हो रहा है। मिट्टी व कचरा पेयजल लाइन में जाने से घरों में गंदा पानी आ रहा है। विभागीय अधिकारी सिर्फ जल्द ही लीकेज ठीक किए जाने की बात कह रहे हैं। जबकि, पांच माह से लीकेज की वजह से जलभराव की समस्या भी हो रही है।
माधौगढ़ के गांव रामजानकारी मंदिर के पास सुरावली गांव में इस गांव के पास ही बनी पानी की टंकी से पानी की सप्लाई होती है। यहां के रहने वाले जानकी शरण, मुकेश कुमार, मिथलेश कुमार, टीकाराम का कहना है कि टंकी के नीचे मुख्य लाइन का वाल्व पिछले पांच महीने से खराब है। इसको लेकर विभाग में जाकर कई बार शिकायत कर चुके हैं। लीकेज ठीक नहीं किया जा रहा है।
आरोप लगाया कि इस वजह से लाइन में गंदा पानी घर पहुंच रहा है। वह पानी न ही पीने योग्य है और न ही स्नान या कपड़े धोने में प्रयोग करने लायक है। जब भी विभाग जाते हैं तो सिर्फ आश्वासन मिल जाता है, लेकिन समस्या जस की तस रहती है। गांव के हैंडपंपों से पानी भर रहे हैं। कई लोगों को दूसरे गांव जाकर भी पानी ढोना पड़ रहा है। जल संस्थान जेई आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को कर्मचारी भेजकर लीकेज ठीक करा दिया जाएगा। टंकी का वाल्व खराब है, उसकी डिमांड की गई है।