उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शनिवार को सीने में दर्द और सांस फूलने की शिकायत लेकर पहुंचे दो मरीजों में हृदयाघात की पुष्टि हुई।
चिकित्सकों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों मरीजों को टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन लगाया, जिससे उन्हें राहत मिली। खास बात यह रही कि यह इंजेक्शन मरीजों को मेडिकल कॉलेज की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराया गया।
सदूपुरा निवासी रामरतन (55) व उरई के सुखनंदन (60) को शनिवार को सीने में दर्द एवं सांस लेने में परेशानी होने पर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। इसके बाद चिकित्सकों ने खून का थक्का घोलने के लिए टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन लगाया। उपचार के बाद दोनों मरीजों को दर्द में राहत मिली। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में उनका उपचार जारी है।
यह उपचार प्रक्रिया मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. प्रेम सिंह के मार्गदर्शन में की गई। इसमें एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जीतम सिंह, डॉ. वीरेंद्र गुप्ता, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कुलदीप, जूनियर रेजिडेंट डॉ. दीपांशु, डॉ. मोहम्मद अरशद, डॉ. रोहित, डॉ. विक्रांत, डॉ. शुभम व डॉ. शिवेंद्र ने सहयोग किया।