उरई। चुर्खी क्षेत्र के ग्राम नेकापुर में 1.7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वृहद गो-संरक्षण केंद्र का सोमवार को भूमि पूजन किया गया। शासन से बजट स्वीकृत होने के बाद अब इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। इस केंद्र में लगभग 400 गोवंशों को सुरक्षित रखा जा सकेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पहुंचे कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि मौजूदा सरकार गोवंश संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है। नए गो-संरक्षण केंद्र से न केवल आवारा गोवंशों को सुरक्षित स्थान मिलेगा, बल्कि आसपास के किसानों को भी राहत होगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज अवस्थी ने बताया कि इस केंद्र में आसपास के गांवों में विचरने वाले गोवंश या उन गोशालाओं से गोवंश लाए जाएंगे, जहाँ संख्या अधिक है। इससे गोवंशों के बेहतर रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित होगी। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय के प्रयासों से इस योजना को मंजूरी मिली है। भूमि पूजन के बाद अब निर्माण कार्य तेज़ी से शुरू कराया जाएगा।