कोंच। निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। राजमिस्री की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कस्बे के मोहल्ला आजाद नगर में नरी गांव निवासी अब्दुल सलाम के मकान में निर्माणकार्य चल रहा है। मंगलवार की दोपहर राजमिस्त्री संजीव कुमार व मोहल्ला गोखले नगर निवासी मजदूर सुरेंद्र राठौर(22) प्लास्टर कर रहे थे। कमरे में रोशनी करने के लिए लगाए गए बल्ब के तार में कट होने से सुरेंद्र उसकी चपेट में आ गया।
करंट लगने से वह अचेत होकर नीचे गिर गया। राजमिस्त्री ने उसे पड़ा देखा तो उसने तार हटाकर सुरेंद्र को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक की अभी तक शादी नहीं हुई थी। बताया कि वह पहले ट्रैक्टर चलाता था लेकिन कुछ दिनों से काम नहीं मिल रहा था तो मजदूरी करने लगा था। कोतवाल अरुण कुमार राय का कहना है कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।