आटा (जालौन)। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर स्थित आटा टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क पर गिरे बाइक सवार के सिर को कुचलता हुआ निकल गया। शुक्रवार शाम सात बजे हुए हादसे में अपर पशु चिकित्साधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया है, चालक फरार है।
हमीरपुर जिले के चंडौत गांव निवासी रामसिंह (54) महोबा जिला के बेलाताल के अजनर में अपर पशु चिकित्सा अधिकारी के पद पर तैनात थे। वह शहर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर में परिवार के साथ रह रहे थे।
होली का त्योहार मनाने के लिए डॉक्टर रामसिंह शुक्रवार शाम को महोबा से अपनी बाइक से जालौन स्थित घर जा रहे थे। नेशनल हाईवे पर आटा थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास उकासा मोड़ के तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
परिजनों ने बताया कि उनके दो जुड़वां बच्चे जय और विजय हैं। रामसिंह की मौत से पत्नी ब्रह्माकुमारी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके घर जब मौत की खबर पहुंची तो होली की खुशियां मातम में बदल गईं।
बाइक में टंगा था हेलमेट, पहने होते तो बच सकती थी जान
डॉ. रामसिंह की बाइक में हेलमेट टंगा हुआ मिला था। लोगों का कहना है कि अगर हेलमेट लगाए होते तो उनकी जान बच सकती थी। डंपर से बाइक में टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े थे और डंपर का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया थ।