कोंच। नगर के व्यापारी की 21 वर्षीय बेटी के बुर्का पहनकर घर से चली गई थी। पुलिस ने उसे 13 दिन बाद मप्र के जबलपुर से खोज लिया है।
पुलिस के अनुसार युवती अपने साथ घर से करीब 300 ग्राम सोने के आभूषण, 10 चांदी की सिल्ली व 75 हजार रुपये लेकर गई थी। बरामदगी के दौरान पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 55 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। हालांकि युवती को अपने साथ ले जाने वाले उसके मित्र की तलाश अभी जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल युवती का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। बताया गया कि युवती महानगर में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। वह तैयारी करने वाला दूसरे धर्म के युवक के साथ गई थी। वह युवक महानगर के पास के ही एक कस्बे का रहने वाला है।
गौरतलब है कि युवती एक महानगर में रहकर डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही थी। 25 फरवरी की सुबह कोंच स्थित घर पर केवल उसकी बुजुर्ग दादी मौजूद थीं, जबकि माता-पिता बाहर गए हुए थे। इसी दौरान युवती बुर्का पहनकर घर से निकल गई और ई-रिक्शा में बैठकर चली गई। जाते समय वह अपने साथ एक थैला भी ले गई थी, जिसमें लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी थी।
युवती के चाचा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस जांच के दौरान घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में युवती बुर्का पहनकर थैला लेकर ई-रिक्शा से जाती हुई दिखाई दी थी।
वर्ष 2024 से लापता युवती हाथरस में मिली
कोंच। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की निवासी युवती को पुलिस ने हाथरस से खोज लिया है। यह युवती वर्ष 2024 में घर से लापता हो गई थी, जिसकी रिपोर्ट उसके पिता ने कोतवाली में दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि जब युवती घर से गई थी तब वह नाबालिग थी, लेकिन अब उसके एक बच्चा भी हो गया है। फिलहाल पुलिस बरामद युवती से पूछताछ कर रही है और मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही युवती को ले जाने वाले युवक की तलाश में भी पुलिस जुटी हुई। (संवाद)