उरई। राजकीय मेडिकल कालेज उरई में भर्ती महिला के पेट से ऑपरेशन कर पांच किलो का ट्यूमर निकाला गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरके मौर्या व सीएमएस डॉ प्रशांत निरंजन ने ऑपरेशन करने वाली टीम को बधाई दी।
बताते हैं कि मेडिकल कालेज में भर्ती कौशल्या (65) निवासी हमीरपुर बहुत दिनों से पेट में सूजन और दर्द से जूझ रही थी। उन्होंने पांच साल पहले बच्चेदानी का ऑपरेशन कराया था। इसके बाद पेट में दर्द की शिकायत होने लगी थी। महिला मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में दिखाने आई तो वहां पर डॉ. निशांत सक्सेना विभागाध्यक्ष, सह-आचार्य, जनरल सर्जरी ने उसे देखा।
जांच में पाया कि महिला के पेट में दाएं तरफ के अंडाशय में एक 20x10 सेमी की गांठ है। वह पूरे पेट में फैली हुई थी। इसकी वजह से मरीज के बाकी अंगों पर तनाव पड़ रहा था। इससे मरीज को सांस लेने व चलने में दिक्कत महसूस हो रही थी। यह दुर्लभ बीमारी है। जिसका इलाज बड़े अस्पतालों मे ही किया जाता है। डॉ. निशांत के नेतृत्व में डॉ. अमल, डॉ. स्नेहा अग्रवाल, डॉ. अरुण अहिरवार, मिलन सिंह की टीम ने सफल ऑपरेशन किया।
ऑपरेशन के द्वारा मरीज का मात्र 4 इंच के चीरे द्वारा इस पांच किलो की गांठ को निकाला गया। मरीज को आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती किया गया था। जिसमें मरीज की निशुल्क जांचे, ऑपरेशन किया गया।