कदौरा। गहौना गांव में रविवार रात एक परचून की दुकान में आग लग गई। आग की लपटें तेज होते ही दुकान में सो रहे दुकानदार की चीख पुकार की आवाज सुनकर ग्रामीण इकट्ठा होने लगे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं सूचना देने के बावजूद फायरब्रिगेड न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश है। दुकान में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग से दुकान में रखा करीब एक लाख से ज्यादा कीमत का सामान जल गया है।
कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम गहौना निवासी अवधेश पाल पुत्र उदय नारायण पाल अपने मकान में ही परचून की दुकान खोले हुए है। रविवार रात दुकान बढ़ाने के बाद वह दुकान के अंदर ही सो गया। तभी रात करीब डेढ़ बजे अचानक शॉर्ट सर्किट होने से दुकान में आग लग गई। अवधेश के पैरों के पास आग पहुंचते ही उसकी आंख खुल गई। वह तुरंत दुकान से बाहर की तरफ दौड़ पड़ा। उसकी चुखी पुकार सुनकर घर के मौजूद लोग और ग्रामीण इकट्ठे हो गए। दुकान की आग देखकर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। ग्रामीण बाल्टियों से पानी भर भर कर आग पर डालने लगे। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। लेकिन सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। दुकानदार अवेधश पाल ने बताया कि आग से दुकान में रखी करीब एक लाख रुपये कीमत की परचून की सामग्री समेत एक फ्रिज, पंखा, सिलाई मशीन, टीवी और कीमती साउंड मशीन जल गई। समाचार लिखे जाने तक कोई भी अधिकारी व पुलिस मौके का मुआयना करने नहीं पहुंची।