एट(जालौन)। कानपुर-झांसी हाईवे पर ट्रक व डंपर की आमने-सामने भीषण टक्कर होने से दोनों गाड़ियों में आग लग गई। ट्रक व डंपर को लपटों से घिरा देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस व दमकल को सूचना दी गई। इस बीच ट्रक के चालक क्लीनर गाड़ी से कूदकर भाग निकले लेकिन डंपर के चालक क्लीनर उसी में फंसे रह गए। जब तक राहगीरों ने उन्हें निकाला वे दोनों गंभीर रूप से झुलस चुके थे। पुलिस ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा। हादसे के कारण हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस का कहना है कि ट्रक के चालक व क्लीनर की तलाश की जा रही है।
एट स्थित सोमाई हाईवे पर मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार ट्रक कानपुर से झांसी माल लादकर जा रहा था। तभी अचानक अगला टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित होकर दूसरी ओर झांसी से कानपुर की ओर गिट्टी लादकर जा रहे डंपर से टकरा गया। हादसा होते ही ट्रक में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते दोनों ट्रक व डंपर दोनों ही आग का गोला बन गए। हादसा होते ही हाईवे पर हड़कंप मच गया। हाईवे किनारे रखे दुकानदारों ने सूचना पुलिस को दी। तब तक हाईवे के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। ट्रक के चालक क्लीनर तो मौके से भाग निकले, जबकि डंपर के चालक व क्लीनर लपटों के बीच घिर गए।
जिन्हें राहगीरों ने बड़ी हिम्मत कर बाहर निकाला। डंपर चालक अमर सिंह पुत्र रामलाल निवासी झांसी, क्लीनर राजू पुत्र हरि ओम निवासी बचाना दतिया मध्य प्रदेश को गंभीर हालत में हाईवे की एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। तब तक दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंच चुकी थी। दो दमकल की गाड़ियों ने लपटों से घिरे वाहनों को घेरकर आग बुझाने का काम शुरू किया। फिर भी दोनों वाहन जलकर राख हो गए। थानाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से ट्रक व डंपर को हटवाया। तब जाकर करीब देर रात तीन बजे के आसपास यातायात सामान्य हो सका।