फोटो - 02 मृतक सुरेश कुमार की फाइल फोटो।
उरई। झांसी-कानपुर हाईवे पर खड़े ट्रक में डंपर घुस गया। इससे केबिन में फंसकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने केबिन को कटवाकर चालक को बाहर निकाला और परिजनों को जानकारी दी। ट्रक चालक मौके से भाग गया है। मृतक के भाई ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दे दी है।
लखनऊ के थाना माल क्षेत्र के ग्राम ललई खेड़ा निवासी सुरेश कुमार (40) डंपर चलाता था। सोमवार की रात वह झांसी से गिट्टी लादकर लखनऊ जा रहा था। झांसी-कानपुर हाईवे स्थित शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव के पास पहुंचा कि सड़क किनारे गलत दिशा में खड़े ट्रक में डंपर सीधा घुस गया। इससे सुरेश की केबिन में फंसकर मौके पर ही मौत हो गई।
सुरेश के भाई राम नरेश ने बताया कि वह दो दिन पहले ही घर से निकला था। नरेश ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दे दी है। सीओ अर्चना सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।