उरई/कोटरा। बाइक में टक्कर मारकर भाग रही कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। नहर में डूबकर कार सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दंपती भी घायल हुए हैं। पुलिस ने परिजनों को जानकारी देकर जांच शुरू कर दी है।
कोटरा कस्बा के मोहल्ला गणेशगंज निवासी रियाज मिर्जा (35) पत्नी आफरीन (30) के साथ बुधवार की सुबह करीब दस बजे बाइक से एट की ओर जा रहे थे। कोटरा की ओर से आ रही कार के चालक ने करथरा मोड़ के पास बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास खड़े वाहन चालकों ने कार चालक को रुकने के लिए कहा तो वह भागने लगा। बिनौरा गांव की मोड़ पर हमीरपुर शाख नहर में कार जा गिरी।
सूचना पर कोटरा थाना प्रभारी विमलेश कुमार मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। पुलिस ने उसमें सवार दोनों को अस्पताल पहुंचाया, यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की शिनाख्त कोंच कोतवाली क्षेत्र के पचीपुरा गांव निवासी जितेंद्र गुर्जर (50) व इंद्रपाल सिंह (70) रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि चाचा इंद्रपाल को पथरी की समस्या थी। वह भतीजे जितेंद्र के साथ दवाई पीने कोटरा गए थे। वहीं से लौटते समय हादसा हो गया। बताया कि जितेंद्र सिंह के दो बेटी हैं, व एक बेटा है। इंद्रपाल के दो बेटे हैं। परिजनों ने बताया कि वह अयोध्या में लाल कोठी के अध्यक्ष थे। एक साथ दो मौतों की सूचना जैसी ही गांव पहुंची तो घर में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी विमलेश कुमार का कहना है कि कार नहर में गिर गई थी। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।