उरई। भाई दूज पर बहन के घर से टीका कराकर लौट रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांति नगर निवासी धीरेंद्र सिंह (32) भाई दूज पर रविवार को अपनी बहन के घर एट थाना क्षेत्र के पचोखरा गांव गया था। टीका करवाने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था, तो जैसे ही उसकी बाइक झांसी-कानपुर हाईवे स्थित सोमई गांव के पास पहुंची कि किसी वाहन ने पीछे से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि धीरेंद्र शहर के आर्य कन्या इंटर कालेज के पास बैग सिलाई का काम करता था। उसके चार बच्चे हैं। उसकी मौत से पत्नी सुनीता सहित अन्य परिजनों में कोहराम मचा है। थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाहन का पता लगाया जा रहा है।