उरई (जालौन) । झांसी में तैनात सहायक यातायात निरीक्षक का दस्ता सोमवार की सुबह उरई बस स्टैंड पर रोडवेज बसों की चेकिंग कर रहा था। चेकिंग के लिए जाते समय संविदा पर तैनात परिचालक ने यातायात निरीक्षक को जमकर पीटा। यातायात निरीक्षक ने कोतवाली पुलिस को पूरी घटना बताई और परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद विवेचना शुरू कर दी है।
मालूम हो कि यातायात निरीक्षक ने इसके पहले इसी परिचालक के खिलाफ बिना टिकट यात्री बैठाने की रिपोर्ट भेज दी थी। इसी बात पर परिचालक यातायात निरीक्षक से खुन्नस किए बैठा था।
झांसी के सहायक यातायात निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि सोमवार की सुबह 8 बजे बसों की चेकिंग के लिए जा रहे थे। वह रोडवेज के बस स्टैंड पर पहुंचे तो संविदा पर तैनात परिचालक श्याम करन दीक्षित ने उसे घेर लिया और जान से मारने की धमकी दी। उनके विरोध करने पर उसने मारपीट कर दी। जिससे उनके हाथ और मुंह में चोट आई है। उसने धमकी दी कि भविष्य में उसकी बस की चेकिंग की तो जान से मार दूंगा। बस स्टैंड पर मारपीट होते देख अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी परिचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।