उरई (जालौन)। मजदूर दिवस के अवसर पर मणींद्रालय सभागार उरई में कर्मवीर सम्मेलन का आयोजन नरेगा मजदूर यूनियन एवं पहूज विकास मंच के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। बुंदेलखंड आपदा निवारक मंच के संयोजक रामकृष्ण शुक्ला ने कहा कि पूंजीपति वर्ग लगातार मजदूरों के हक और अधिकार को दबा रहा है। सरकारें भी पूंजीपति वर्ग के सांठगांठ से बन रही हैं।
पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि आज मजदूरों के सम्मान का दिन है, मजदूर की ताकत ईमानदारी की ताकत है। संघर्ष की ताकत में बेईमानी कहां से आई इस बात का विश्लेषण करने की आवश्यकता है। वरिष्ठ स्तंभकार केपी सिंह ने कहा कि नरेगा में भ्रष्टाचार की मूल वजह जॉबकार्ड के निर्धारण के मानक तय न होना है।
मजदूर यूनियन के अध्यक्ष नाथूराम बौद्ध ने कहा कि भ्रष्टाचारियों को अब नहीं छोड़ा जाएगा। ऐसे लोगों का सामूहिक बहिष्कार करने की जरूरत है। इस अवसर पर पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय सिंह, बलीराम, सोमवती, अनुज व ग्यासी आदि ने विचार रखे।