उरई (जालौन)। वाराणसी मंडल से हाईस्कूल के हिंदी विषय की 14 हजार 461 उत्तर पुस्तिकाएं लेकर चला ट्रक यहां नहीं पहुंचा। इससे मूल्यांकन केंद्र सनातन धर्म इंटर कालेज व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में हड़कंप मच गया। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने तत्काल एक फैक्स माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव वासुदेव यादव को भेजा तो पता चला कि रास्ते में ट्रक खराब हो गया था, इसलिए इन कापियों के बंडल माध्यमिक शिक्षा परिषद के कार्यालय में उतार दिए गए। अब ये कापियां वहीं के किसी केंद्र में जचेंगी। कापियां न आने से सनातन धर्म इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र के 164 परीक्षकों को बुधवार से ड्यूटी से अवकाश दे दिया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद के सचिव के कार्यालय से मंगलवार को शाम 6 बजे मिली जानकारी के अनुसार यह ट्रक वाराणसी मंडल की कापियां लेकर 26 अप्रैल को उरई के सनातन धर्म इंटर कालेज के लिये रवाना हुआ था। इसे 01 मई को यहां पहुंचना था। रास्ते में अन्य मूल्यांकन केंद्रों में उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल देता हुआ 29 अप्रैल को इलाहाबाद पहुंचा तो ट्रक खराब हो गया। 30 अप्रैल को भी ट्रक की खराबी ठीक न होने पर कापियों का बंडल वहीं उतार दिया गया।
1 मई को यहां कापियां न आने पर मूल्यांकन केंद्र के प्रभारी व प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने जिला विद्यालय निरीक्षक को सूचना दी। जिला विद्यालय निरीक्षक के इलाहाबाद संपर्क करने पर यह बात पता चली।
डीआईओएस श्री तिवारी ने बताया कि सनातन धर्म इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र में हाईस्कूल हिंदी विषय के कुल 164 परीक्षक हैं। उत्तर पुस्तिकाएं न आने से सभी परीक्षक हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। उन्होंने कहा कि यदि कापियां आ जातीं तो इन्हें तीन दिन का काम और मिल जाता, पर अब कल से इन्हें मूल्यांकन ड्यूटी से छुट़्टी दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सनातन धर्म इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र में कुल 489 परीक्षकों की ड्यूटी 26 अप्रैल से लगी है, जिसमें 412 परीक्षक ही उपस्थित रहे।