उरई (जालौन)। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया पटेल नगर में बुधवार की रात घर के बाहर सो रहे वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग की आवाज सुनकर पत्नी की नींद खुल गई और वह बाहर आई, तब तक हमलावर भाग गए थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला नया पटेल नगर निवासी रफीउल्ला खान (60) कब्रिस्तान वाली मस्जिद में दुकान किराए पर लेकर पत्नी विलकीश के साथ गुटखा आदि बेचकर गुजर बसर करता था, रात में दुकान में ही सो जाते थे। बुधवार की रात वृद्ध दंपति ने खाना खाया। इसके बाद रफीउल्ला खान दुकान के बाहर बेंच पर सो गया। देर रात अज्ञात लोगों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी की नींद खुल गई। बाहर आकर देखा तो पति खून से लथपथ पड़ा था। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतक के पुत्र परवेज की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की बात कही है। परिजन वृद्ध की हत्या की वजह नहीं बता पा रहे हैं। परिजनों की माने तो उसकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं थी। उधर, इस बाबत दरोगा राजेश भदौरिया का कहना है कि कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।