कालपी (जालौन)। साढे़ छह साल पहले फर्जी दस्तावेजों से स्टेट बैंक में खाता खुलवाकर तथा किसान क्रेेडिट कार्ड बनवाकर एक लाख रुपये हड़पने वालों पर अब गाज गिरी। कोतवाली प्रभारी एसएस दीक्षित एवं विवेचनाधिकारी ने जांच पड़ताल के बाद इसमेें शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
स्टेट बैंक की कालपी शाखा में 18 जनवरी वर्ष 2008 को कालपी तहसील के गांव निबहना निवासी शिव बालक दास पुत्र दयाराम ने जाली कागजात प्रस्तुत कर अपने नाम से खाता खुलवा कर किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया था। इसे गांव के प्रधान व कोटेदार आदि ने तस्दीक किया था। खाते तथा किसान क्रेडिट कार्ड से शिव बालक ने एक लाख रुपये निकालकर हड़प लिए। इसके बाद यह मामला सुर्खियों में आया तो तत्कालीन शाखा प्रबंधक एके निगम ने इसकी प्रारंभिक जांच कराई तो जालसाजी उजागर हो गई। पिछले महीने स्टेट बैंक कालपी के मैनेजर अमित मिश्र द्वारा आरोपी शिवबालक के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। कोतवाल एसएस दीक्षित व विवेचक एके यादव ने जांच कर मामला उजागर किया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी शिवबालक सिंह, रामप्रकाश, बच्चीलाल व आनंद स्वरूप को गिरफ्तार कर लिया।