कोंच। सहकारी क्रय विक्रय समिति की जीर्ण-शीर्ण इमारत के दिन अब बहुत ही जल्दी बहुरने वाले हैं। शासन ने टपक रहीं छतों और उखड़े फर्श को फिर से बनाने के लिये तकरीबन सात लाख रुपये स्वीकृत किये हैं, कार्यदायी संस्था विकास खण्ड इसका निर्माण करायेगी। यह जानकारी समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र तिवारी ने देते हुये बताया कि समिति मण्डी समिति परिसर में उर्वरक बेचने का काम भी शुरू करने जा रही है।
सहकारी क्रय विक्रय समिति की बोर्ड बैठक रविवार को समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र तिवारी की अध्यक्षता एवं सचिव अशोक गुप्ता के संचालन में सम्पन्न हुई। समिति के विकास से जुड़े तकरीबन आधा दर्जन प्रस्ताव बैठक के दौरान पारित किये गये जिनमें समिति के भवन में किरायेदार बाल विकास विभाग का अनुबंध छह माह के लिये बढ़ाये जाने पर सहमति बनी। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया समिति अध्यक्ष तिवारी ने बताया कि गत बर्ष कोंच क्षेत्र के दौरे पर आये डीएम रामगणेश ने समिति के भवन की जीर्ण शीर्ण स्थिति देख कर इसकी मरम्मत की आवश्यकता जताई थी और उन्होंने शासन स्तर पर सशक्त पैरोकारी करके तेरहवें वित्त से सात लाख रूपये स्वीकृत कराने में समिति का पूरा सहयोग किया है। जिसके लिये समिति उनके प्रति हमेशा कृतज्ञ रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि मुनाफा कमाने के लिये समिति ने मण्डी परिसर में उर्वरक बेचने का भी फैसला लिया है। इस दौरान श्यामकरण, विश्वनाथ सिंह, प्रभुदयाल गौतम, अनिल पटैरया, श्यामकिशोर सिंह, श्रीमती नीतादेवी, अरविंद दुवे मंटू, राममुरारी, अखिलेशकुमार, कृष्णमुरारी, भगवानदास, राजेन्द्रप्रसाद, छोटेराजा, वेद प्रकाश गुर्जर आदि मौजूद रहे।