उरई (जालौन)। राठ बस स्टैंड पर उरई के लिए बस का इंतजार कर रही महिला व उसकी नातिन को इंडिका सवार चार बदमाशों ने बैठा लिया। रास्ते में पुलिस चेकिंग की बात कहकर महिला से जेवर उतरवा लिए। कार हमीरपुर जिले के चिकासी गांव के पास पहुंची तो बदमाशों ने महिला व उसकी नातिन को वहीं उतार दिया और जेवर लेकर उरई की ओर भाग निकले। नातिन ने कार का नंबर नोट कर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस पर उरई कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर भाग रहे दो बदमाशों को इंडिका समेत दबोच लिया। दो बदमाश भागने में कामयाब रहे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। महिला की तहरीर पर कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है।
हमीरपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के गांव बकरई निवासी कालका प्रसाद की पत्नी संतोष रानी अपनी नातिन रिंकी के साथ मंगलवार को दिन में तीन बजे हमीरपुर के राठ बस स्टैंड पर बैठकर उरई आने वाली बस का इंतजार कर रहीं थी, तभी वहां इंडिका कार सवार चार युवक रुके और उरई चलने की बात कहकर महिला व उसकी नातिन को कार में बैठा लिया। संतोष रानी के मुताबिक कार राठ से दस किलोमीटर आगे पहुंचते ही कार सवार लोगों ने चेकिंग के नाम पर उससे जेवर उतारकर लिफाफे में रखने की बात कही। उसने इंकार किया लेकिन बदमाशों ने बताया कि वह बैंक अधिकारी हैं, चेकिंग में वह फंस जाएंगे। इस पर उसने उन लोगों के दिए लिफाफे में जेवरात रख दिए। कार सवार लोगों ने पल भर में लिफाफा बदलकर महिला को दूसरा लिफाफा था दिया। कार चिकासी गांव के पास पहुंची तो बदमाशों ने चेकिंग का बहाना बना महिला व उसकी नातिन को कार से उतार दिया और उरई की ओर भाग गए। यह देख महिला चिल्लाई लेकिन नातिन रिंकी ने कार का नंबर नोट कर पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। इसके बाद उरई कोतवाली पुलिस ने नाकाबंदी शुरू कर दी। कोतवाल संतोष सिंह, दारोगा जाकिर हुसैन, दारोगा विक्रम सिंह ने फोर्स के साथ राठ मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दी, तभी पुलिस को उक्त नंबर की इंडिका कार आती नजर आई जो पुलिस को देखकर पहले ही रुक गई और उसमें सवार बदमाश भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर भाग रहे बदमाश शंकर बरार निवासी चरखारी, पवन कुमार निवासी दिल्ली को दबोचकर उनके कब्जे से इंडिका कार बरामद कर ली। महिला के जेवर समेत दो बदमाश भाग निकले। फरार दोनों बदमाशों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।