रामपुरा(जालौन)। बाल पुष्टाहार की 794 बोरियां कालाबाजारी के लिए ले जाते समय पकड़े गए मामले में मंगलवार को रामपुरा थाने की पुलिस ने सीडीपीओ उर्मिला कुशवाहा की तहरीर पर आरोपी सीडीपीओ वंदना वर्मा, कांती राजपूत के खिलाफ पुष्टाहार की कालाबाजारी का मामला दर्ज किया।
बाल पुष्टाहार की 794 बोरियां कालाबाजारी के लिए ले जाते वक्त रामपुरा थाने पुलिस ने पकड़ा था। इस मामले में डीएम रामगणेश ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाकर जांच कराई थी। जांच टीम में माधौगढ़ तहसीलदार, डीपीओ सुनील कुमार और सीडीपीओ हृदेश नारायण को शामिल किया था और जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द देने का आदेश दिया था। जांच रिपोर्ट में मामला सही पाया गया। लिहाजा डीएम ने आरोपी सीडीपीओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस मामले को दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही थी। बीते दिनों ‘अमर उजाला’ ने इसे प्रमुखता से छापा था। खबर का असर यह हुआ कि मंगलवार को पुलिस ने सीडीपीओ उर्मिला कुशवाहा की तहरीर पर आरोपी सीडीपीओ वंदना वर्मा, कांती राजपूत के खिलाफ पुष्टाहार की कालाबाजारी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।