ईंटों (जालौन)। सपा प्रत्याशी घनश्याम अनुरागी के समर्थन में आयोजित जनसभा में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात माडल की बात करने वाले मोदी को यूपी से बैंरग लौटना होगा। यहां की जनता मोदी को हरगिज स्वीकार नही करेगी। मोदी ने गुजरात में अपनी ही पार्टी के सुखनंदन शुक्ला को तो यूपी में मुरली मनोहर जोशी को किनारे लगाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और बसपा दोनों ही दलों में ब्राह्मणों का सम्मान सुरक्षित नहीं है। बसपा के शासन में दलित एक्ट का जमकर दुरुपयोग हुआ है। मुलायम सिंह किसानों के प्रति मुलायम तो विरोधियों के खिलाफ कठोर हैं। सपा के इन ढाई साल के कार्यकाल में छात्र छात्राओं को लैपटाप, पुलों की सुविधा और मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य कराया गया है। लिहाजा लोकसभा चुनाव में भी सपा को जीत दिलाएं ताकि प्रदेश की तरह ही पूरे देश का विकास संभव हो सके।
कैबिनेट मंत्री ने नदीगांव और अकबरपुर इटौरा में भी सभाएं कर सपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगे। इस मौके पर सपा प्रत्याशी घनश्याम अनुरागी के अलावा सोहराब खान, सुदामा दीक्षित, सुलेमान, प्रलुव्य निरंजन, धीरेंद्र अग्रवाल, कल्लन खान, केशवेंद्र सिंह, शफीक खां, शेर मोहम्मद, मणि तिवारी, रिंकू गोहनी, प्रेम नारायण पांडे, अरविंद भदौरिया आदि मौजूद रहे।