कोंच। होली का त्योहार हो और कोई गुदगुदाये नहीं ऐसा तो ही ही नहीं सकता है। हर साल की तरह इस साल भी होली की पड़वा 17 मार्च को शाम 3 बजे स्थानीय सर्राफा बाजार में महामूर्ख सम्मेलन का आयोजन होना है। इसमें नगर के तमाम मूर्ख लोगों का मनोरंजन करायेंगे। मालूम हो कि मूर्खाधिराज का पद बहुत ही सम्माननीय पद है और इस पर समाज के लिये कुछ करने वाले को ही प्रतिष्ठित किये जाने की परंपरा है। नगर की जानी मानी सांस्कृतिक संस्था बुंदेली संगीत कला संस्थान (पूर्व शेखर क्लब) इस कार्यक्रम का संयोजन कर रही है और तैयारियों का दौर जारी है। संस्था ने इस साल का मूर्खाधिराज जाने माने समाजसेवी और मथुराप्रसाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह को बनाने का फैसला लिया है। ‘प्रोफेसर साहब’ यहां की प्रमुख सामाजिक संस्था दरिद्र नारायण सेवा समिति से जुड़े हुए हैं। संस्था के प्रमुख वयोवृद्घ रंगकर्मी चंद्रशेखर पालीवाल ने बताया है कि कार्यक्रम बिल्कुल अराजनैतिक है और इसका उद्देश्य लोगों को त्योहार के मौके पर स्वस्थ्य मनोरंजन देना भर है।