उरई (जालौन)। एक निष्पक्ष और निर्भीक अखबार के रूप में अपनी छवि बना चुके अमर उजाला ने अब जनकल्याणकारी फाउंडेशन के जरिए समाज के वंचित लोगों के सशक्तिकरण और बेहतर भविष्य का संकल्प लिया है। इसके तहत समाज की अंतिम पांत में खड़े हर वय के लोगों के सपनों में रंग भर रहा है। उनकी आंखों में उम्मीदों की रोशनी भर रहा है। इस मिशन की शुरुआत पहले सीमित दायरे में की गई थी मगर 2012 से इसका फलक विस्तृत होता जा रहा है। उत्तर भारत के छह राज्यों में यह फाउंडेशन समाज सेवा की खुशबू बिखेर रहा है। इस क्रम में अमर उजाला कानपुर ने मई से लेकर जुलाई तक जनसेवा के चार ऐतिहासिक आयोजन किए। जून में कानपुर में शहर का ही नहीं बल्कि प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा विकलांग शिविर आयोजित कर सेवा और सामाजिक सरोकार का माइल स्टोन स्थापित कर दिया। इसी तरह ब्लड डोनेशन कैंप का आगाज किया तो इतने स्वैच्छिक रक्तदाताओं का हुजूम उमड़ा कि कानपुर के बीते पांच दशकों में आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप के सारे रिकॉर्ड टूट गए। बहुतों को विनम्रतापूर्वक वापस करना पड़ा। यह सिलसिला तो ऐसा चला है कि हर दिन कम से कम दस लोग खुद फोन करके रक्त देने का आग्रह कर रहे हैं। जरूरतमंद से पहले वे निर्धारित स्थान पर रक्त का महादान करने पहुंच रहे हैं। साइबर क्राइम से जुड़े कैंप में भी युवाओं ने इस कदर उत्साह दिखाया कि खुद प्रशिक्षण देने वाले हैरत में पड़ गए।
इसी के तहत सोमवार को डॉक्टर्स डे के अवसर पर अमर उजाला जिले के दो नर्सिंगहोम में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर रहा है। इसमें मरीजों को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी।
नगर के मुहल्ला करमेर रोड में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सोम फैक्चर नर्सिंगहोम में एक जुलाई को सुबह दस बजे से हड्डी रोड विशेषज्ञ डा. रवि शंकर पांडेय, सर्जन रमेश चंद्रा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. रेनू चंद्रा, दंत चिकित्सक डा. रामशंकर पुरवार, दंत चिकित्सक डा. अंकुर शुक्ला मरीजों का निशुल्क परीक्षण कर उन्हें संबंधित रोग के बारे में जानकारी देंगे।
इसी तरह नगर के राजमार्ग पर स्थित संजीवनी चिकित्सालय में डा. सुभाष गुप्ता, मरीजों का परीक्षण करेंगे और उन्हें उपचार के बारे में जानकारी देंगे।