आटा/उरई (जालौन)। दीवाली पर तकरीबन 50 हजार रुपए हारने के बाद युवक ने शनिवार की देर रात आटा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर जान दे दी। आटा थाना क्षेत्र के भदरेखी निवासी आबिद कुमार (30) पुत्र रामअवतार दिवाली में जुए में 50 हजार रुपए हार गया था। उसने गांव के ही कुछ लोगों से पैसा भी उधार ले रखा था। जिसकी वह मांग कर रहे थे। शनिवार की देर रात परिजनों के सोने के बाद वह आटा रेलवे स्टेशन स्थित भभुआ आउटर पर पहुंचा और ट्रेन के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह नित्यक्रिया को गए ग्रामीणों ने शव देखा तो आटा थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष साजिद सिद्दीकी ने बताया कि युवक जुए में रुपए हार गया था जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली।