उरई (जालौन)। बसपा सरकार में पौंटी चड्ढा ने जिले में खनन में एकाधिकार बना लिया था। वह शहर के कालपी रोड स्थित विवेकानंद कालोनी में आवास बनाकर जिले भर के बालू खनन का सिंडीकेट था। हर छोटे बडे़ नेता, अधिकारी ने उसकी चौखट पर माथा टेकते थे लेकिन सरकार व निजाम बदलने के बाद पौंटी के आवास पर छापा मारी हुई। जिसमें भारी मात्रा में नगदी पकड़ी गई थी लेकिन पौंटी का खास सिपहसालार प्रशासन से सांठगांठ कर बच निकला था। तत्कालीन क्षेत्राधिकारी कमल किशोर ने किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज न करके आयकर विभाग की टीम को बुलाया था। इसके बाद बदले निजाम के बाद पौंटी चड्ढा दोबारा जिले में अपना कारोबार फैलाना चाह रहा था, सूत्रों की मानें तो उसके गुर्गे उसकी मौत से हतप्रभ हैं।