कोंच। कोंच में खाली पड़े कांशीराम आवासों में लगभग दो तिहाई आवासों का आवंटन मंगलवार को कर दिया गया। इसी के साथ अनुसूचित जाति का कोटा पूरा हो गया है जबकि ओबीसी में छह तथा सामान्य कोटे में बीस आवास अभी रिक्त हैं। तहसील सभागार में पात्रों को एसडीएम गुलाब सिंह व सीओ शीशराम सिंह द्वारा प्रमाणपत्र बांटे। एसडीएम ने कहा है कि जिन्हें आवास आवंटित हैं सिर्फ वे ही उन आवासों में रहने के हकदार हैं, अगर उन्होंने किरायेदार रखे तो उनके आवास निरस्त कर अन्य पात्रों को आवंटित कर दिए जाएंगे।
कोंच में चांदनी रोड पर शहरी गरीबों के लिए 756 कांशीराम आवास मायावती सरकार के दौरान बनवाए गए थे जिनमें से कमोवेश दो किश्तों में 654 आवासों का आवंटन पहले ही किया जा चुका था। शेष बचे 102 आवासों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे और तमाम पड़ताल के बाद ओबीसी कोटे में 18, अनुसूचित में 40 और सामान्य में 18 आवासों के आवंटन मंगलवार को तहसील सभागार में एसडीएम गुलाब सिंह ने कर
दिया। इसके साथ ही अनुसूचित कोटे के आवास जरूर पूरे हो गए हैं लेकिन ओबीसी और सामान्य कोटे में अभी भी क्रमश: 6 व 20 आवास शेष बच गए हैं जिनके लिए बाद में आवेदन लिए जाएंगे। एसडीएम ने बताया कि जिन अपात्र लोगों को आवास आवंटित हो गए हों वे स्वयं ही सरेंडर कर दें, जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।