कोंच। नगर पालिका में समाजसेवी संस्था भारत विकास परिषद् के तत्वावधान में आयोजित ग्रीन कार्ड वितरण शिविर में सीओ संजय शर्मा ने कहा है कि वाहन चालकों को यातायात नियमों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए क्योंकि जब भी नियम कानूनों का उल्लंघन होता है तब सुरक्षा और संरक्षा प्रभावित होती है।
उन्होंने वाहन चालकों को आगाह किया कि वाहन से संबंधित सभी कागज अपने साथ रखने का नियम है और चालकों को वाहन के साथ आरसी, डीएल, बीमा, प्रदूषण कार्ड आदि कागज रखने भी चाहिए लेकिन ग्रीन कार्ड इन सभी कागजों की पूर्ति कर देता है। भारत विकास परिषद् द्वारा ग्रीन कार्ड बनवा कर वितरित किए गए हैं, निश्चित रूप से संस्था ने एक अच्छा कार्य किया है और वाहन चालकों की मदद की है।
शिविर की अध्यक्षता विजय रावत ने की और विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष डॉ. सरिता वर्मा रहीं। जिसमें हल्के वाहन चालकों को ग्रीन कार्डों का वितरण किया गया। चंदकुआ पर एक सप्ताह के लिए लगाए गए पंजीकरण शिविर में लगभग साढ़े तीन सौ वाहन चालकों ने पंजीकरण कराए थे जिनमें जांच के बाद तीन सौ चौबीस पंजीकरण सही पाए गए।
गुरुवार को इन सभी को ग्रीन कार्डों का वितरण कर दिया गया है। संचालन राजीव रेजा ने किया। इस दौरान ईओ बुद्घिप्रकाश, पूर्व बारसंघ अध्यक्ष विज्ञान विशारद सीरौठिया, संस्था सचिव अमरेन्द्र दुवे, रामशंकर छानी, कढोरेलाल यादव, सभासद जाहिद, देवेन्द्र द्विवेदी, काजी मुईनउद्दीन, प्रह्लाद कौशल आदि मौजूद रहे।