जालौन। झांसी परिक्षेत्र के उप परिवहन आयुक्त केडी सिंह गौर ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के कट छिरिया चौकी के सामने प्रवर्तन टीम के साथ बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 75 वाहन चालकों के चालान किए गए।
उप परिवहन आयुक्त केडी सिंह गौर ने बताया कि प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। इन दुर्घटनाओं में सर्वाधिक मौतें दुपहिया वाहन चालकों की होती हैं जिसकी मुख्य वजह हेलमेट न लगाना है। यदि घर से दोपहिया वाहन लेकर निकल रहे हैं तो हमेशा हेलमेट लगाकर ही निकलें। चार पहिया वाहन लेकर जा रहे हैं तो सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। यह आपकी सुरक्षा के लिए ही हैं। अभियान के दौरान जिन चालकों ने अपने घर से हेलमेट मंगाकर लगाए तो उन्हें सचेत करके छोड़ दिया गया। अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन उरई राजेश कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन झांसी हेमचंद गौतम और प्रवर्तन दलों के सदस्य मौजूद रहे।