जालौन। शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर दोनों पक्षों को सामने बुलाकर करें। ताकि कोई पक्ष पक्षपात का आरोप न लगा सके। यह निर्देश डीएम डॉ. मन्नान अख्तर ने अपने अधीनस्थों को संपूर्ण समाधान दिवस में दिए। इस दौरान 94 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जिनमें 7 शिकायतों का निस्तारण तत्काल किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता एवं एसपी स्वामीप्रसाद की उपस्थिति में तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें राजस्व विभाग की सर्वाधिक 35, विकास विभाग 13, पुलिस विभाग 12, विद्युत विभाग 8, नगर पालिका व पूर्ति विभाग की 7-7, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, डूडा विभाग की 2-2, एआरटीओ व नहर विभाग की एक-एक शिकायत सहित कुल 94 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराईं।
जिनमें से विकास विभाग की 4, राजस्व विभाग की 2 व पूर्ति विभाग की एक शिकायत समेत कुल 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को निस्तारण के लिए विभागों के अधिकारियों को सौंप दिया गया। इस मौके पर एसडीएम भैरपाल सिंह, सीएमओ डा.अल्पना बरतारिया, सीडीओ पीके श्रीवास्तव, डीडीओ मिथलेश सचान, खंड विकास अधिकारी जालौन महिमा विद्यार्थी, बीडीओ कुठौंद लोकनाथ राजपूत, सीएचसी प्रभारी डॉ. मुकेश राजपूत, डीआईओएस भगवत पटेल, बीएसए राजेश शाही, डीपीओ नरेंद्र कुमार कोतवाल देवेंद्र सिंह आदि समेत लगभग सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।