कोंच(जालौन)। चौबीस घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी नहर में लापता हुई पड़री गांव की पूनम (17) का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन गोताखोरों और दमकल कर्मियों के साथ लगातार प्रयास कर रहा है। पुल में जाल भी बांधा गया है।
मंगलवार सुबह लगभग दस बजे तहसील मुख्यालय से सटे ग्राम पड़री की पूनम पुत्री साहब सिंह नहर के पानी के तेज बहाव में गिर कर लापता हो गई थी। इसके बाद से तलाश की जा रही है। एसडीएम गुलाब सिंह, कोतवाल संजय कुमार गुप्ता, सागर चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार सिंह, एसआई कमलनारायण सिंह आदि भारी पुलिस बल के साथ बुधवार को भी मौके पर डटे रहे। पुलिस ने घटनास्थल से लगभग एक किमी आगे नहर के पुल में जाल लगवाया है। इसके अलावा कोटरा से गोताखोरों का दल बुलवाया गया है। दल के सदस्य विजय केवट, खुशीराम केवट आदि के अलावा गांव के भी कुछ नौजवान नहर के पानी में उतरे हैं। नहर में तलाश का दायरा भी बढ़ाया गया है। वहीं पूनम के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
गोताखोरों को नहीं मिल रही पूनम
मंगलवार को पैर फिसलने से नहर में गिरी थी