उरई। झांसी मंडल के अपर स्वास्थ्य निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डा. एसबी मिश्रा ने सीएमओ आफिस सभागार में आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने योजना की धीमी गति पर नाराजगी जताकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ देने के निर्देश दिए।
योजना के जिला नोडल अधिकारी डा. सत्यप्रकाश ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 4891 गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं और अभी तक कई मरीजों ने योजना का लाभ लिया है। अपर निदेशक ने कहा ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए व्यापक प्रसार प्रसार की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि नेत्र अस्पताल व महिला अस्पताल में प्रसव को आने वाली महिलाओं से पूछें कि उनका गोल्डन कार्ड है तो उन्हें इसका लाभ दिलाएं। मेडिकल कालेज के सीएमएस डा. संजीव ने कहा कि तहसीलवार कैंप लगाकर मरीजों की स्क्रीनिंग की जाए। सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान मित्र प्रभारी के तौर पर बनाए गए हैं, उनकी जगह आयुष्मान मित्रों की नियुक्ति की जाए।
इस दौरान सीएमओ डा. अल्पना बरतारिया, जिला अस्पताल के सीएमएस डा. अजय सक्सेना, महिला अस्पताल के डा. एनआर वर्मा, एसीएमओ डा. बीएम खैर, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, किलकारी के निदेशक आफताब आलम, नारायण नेत्रालय के मनोज सैनी, लाइफलाइन के डा. सुरेंद्र कुमार, नेत्र ज्योति के डा. सौरभ गुप्ता, आशीष झा, देवेश कुमार उपाध्याय आदि मौजूद रहे।