उरई/रामपुरा। थाना क्षेत्र के ग्राम बघावली में खेतों के बीच से निकली 11 हजार की हाईटेंशन लाइन के तारों की स्पार्किंग से खेतों में आग लग गई। जिससे 50 बीघा के लगभग फसल व पराली जलकर राख हो गई।
मौजा बघावली व रजपुरा मौजे के खेतों में शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे के एचटी लाइन की स्पार्किंग से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। खेतों पर काम कर रहे किसानों ने खेतों में आग जलती देख गांव में सूचना कर आग बुझाने के कार्य में जुट गए। आग की सूचना पर प्रधान प्रतिनिधि भानू ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक रजपुरा निवासी सुरेंद्र कुमार की दो बीघा, राजेश की 4 बीघा, हरी कुमार, गोविंद सिंह, दद्दा मास्टर आदि किसानों की पराली व फसल जल गई। प्रधान प्रतिनिधि भानू सिंह ने कहा कि बिजली के तार नीचे व पास पास होने के कारण तारों में स्पार्किंग होती रहती हैं। जिसके बारे में कई बार बिजली विभाग को अवगत कराया गया लेकिन इसे ठीक नहीं किया गया।