कोंच/पहाड़गांव। नहर के पानी के ओवरफ्लो होने व चेकडैम के कारण रुक रहा पानी खेतों में जा घुसा। जिससे सैकड़ों एकड़ फसलें जलमग्न हो गई। किसानों ने मंगलवार को एसडीएम गुलाब सिंह से भी इसकी शिकायत की है, एसडीएम ने तत्काल सिंचाई विभाग के अवर अभियंता को मौके पर भेज कर पानी रोकने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम पहाड़गांव के किसान सरयूप्रसाद, रामलाल, सरमन, सत्यपाल, गजराज, ओमप्रकाश, संतराम, रामाधार, देवीदयाल, विजयकिशोर, राजकुमार, विमला मिश्रा, अजितकुमार, रामशंकर द्विवेदी, रवीन्द्रसिंह, ठाकुरदास, लखनलाल, परशुराम, लालाराम, ब्रजभूषण, रामपाल, अखिलेश, रामनरेश सहित तकरीबन तीन दर्जन किसानों ने मंगलवार को एसडीएम से मिले और बताया कि गांव के पश्चिम में बह रहे नाले पर गत वर्ष चेकडैम बना दिया गया था।
जिससे नाले का पानी अवरुद्ध हो गया है। नाले का पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में खड़ी फसलों में भर गया है और फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसानों का यह भी कहना है कि नाले की सफाई भी नहीं कराई गई थी जिसके कारण उसमें जमी सिल्ट भी पानी को खेतों में जाने का कारण बनी है। उन्होंने मांग है कि खेतों का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाया जाए। इसके अलावा पानी को खेतों में जाने से रोकने का भी प्रबंध कराया जाएगा।