जालौन में बाहर से आए लोगों से पूछताछ करते तहसीलदार
- फोटो : ORAI
जालौन। ग्राम पहाड़पुरा में लॉकडाउन के दौरान फंसे 39 मजदूरों को थर्मल स्क्रीनिंग कराकर टीकमगढ़ जिले में भेजा गया। वहीं, देर रात मध्यप्रदेश से आए 63 व्यक्तियों को रात में क्वारंटीन सेंटर में रखकर सुबह उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
तहसील क्षेत्र के मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से फसलों की कटाई के लिए करीब तीन दर्जन से अधिक मजदूर ग्राम पहाड़पुरा में आए थे। जो लॉकडाउन के कारण फंसे रह गए। इन मजदूरों को उनके गांव भेजने के लिए परिवहन निगम की बस मंगवाई गई। एसडीएम सुनील कुमार श्ुाक्ला, तहसीलदार बलराम गुप्ता की देखरेख में सभी 39 मजदूरों की तहसील में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ. सहन बिहारी गुप्ता ने थर्मल स्क्रीनिंग की। इसके बाद सभी मजदूरों के भोजन की व्यवस्था कर उन्हें बस से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर किया।
उधर, मध्यप्रदेश के होशंगाबाद से परिवहन निगम की दो बसें बुधवार रात करीब 12 बजे नगर में पहुंचीं। एक बस में उमरारखेरा उरई व रेंढर क्षेत्र के 45 एवं दूसरी बस में सिरसाकलार व रेंढर के 18 लोग आए थे। इसकी जानकारी एसडीएम को दी गई। एसडीएम ने तत्काल तहसीलदार बलराम गुप्ता व लेखपाल शिवराज निरंजन को मौके पर भेजा। जहां सीएचसी में रात में ही सभी व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सभी व्यक्तियों को नगर में बने स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज व कन्हैयालाल विष्णुचरण महाविद्यालय में क्वारंटीन सेंटर में रखा गया। सुबह सभी व्यक्तियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।