जालौन। महिला के बैग से 35 हजार रुपये चोरी कर कार चालक ने महिला को धक्का देकर कार से उतार दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी कृष्णादेवी पति स्व. सतेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह काम से जालौन आई थीं। रविवार शाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौराहे के पास खड़ी होकर वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक ईको कार वहां आई। चालक ने बताया कि वह माधौगढ़ जा रहा है, किराया लेकर वह उन्हें माधौगढ़ पहुंचा देगा।
बताया कि कार में एक महिला समेत दो लोग और बैठे थे। जिसके चलते वह कार में बैठ गईं। चार किलोमीटर बाद जब कार सुढ़ार सालाबाद के आगे पहुंची, तभी अचानक चालक ने बैग समेत उसे धक्का देकर कार से उतार दिया। जब वह संभली और अपना बैग चेक किया तो बैग में रखे 35 हजार रुपये गायब थे। जिसके बाद किसी तरह उन्होंने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि चौराहे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध वाहन और आरोपी की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।