जनपद की सभी पांचो तहसीलों में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। माधौगढ़ में डीएम व एसपी ने शिकायतों को सुनकर पांच का निस्तारण किया। लंबित शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता न दिखाने पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को कड़ी फटकार लगाई और वेतन के आहरण पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। उरई में एसडीएम का
चार्ज संभालने के बाद पहली बार शिकायतों को सुन रहे प्रशिक्षु आईएएस ने गैरहाजिर 18 अधिकारियों के एक दिन के वेतन काटने के निर्देश दिए। जालौन व कोंच में भी कार्रवाई का चाबुक चला है। सबसे अधिक माधौगढ़ में 120 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें दो का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। एसडीएम आलोक यादव व अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद
के सामने 55 शिकयतें दर्ज हुई जिसमें पांच का निस्तारण कर दिया गया। तहसील दिवस से गैरहाजिर रहने पर 18 अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब संतोषजनक न मिलने पर एक दिन का वेतन काटने की बात कही है। एसडीएम ने कहा कि लंबित शिकायतों का भी निस्तारण कर अधिकारी रिपोर्ट प्रस्तुत करें अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई
होगी। एएसपी ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि चौकी, थाने और कोतवाली में आने वाली शिकायतों पर गंभीरता दिखाएं। इस दौरान सीओ डा.जंगबहादुर सिंह, तहसीलदार बीके राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। माधौगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार तहसील दिवस में 120 शिकायतें दर्ज हुई। डीएम संदीप कौर और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने दो
शिकायतों का निस्तारण किया। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए। मींगनी में 13 साल से तैनात लेखपाल की शिकायत पर डीएम ने लेखपाल के स्थानांतरण का भरोसा दिया है। यहां एसडीएम सुरेश सोनी. खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पांडेय के अलावा अन्य
अधिकारी मौजूद रहे। कालपी प्रतिनिधि के अनुसार उपजिलाधिकारी संजय कुमार सिह की अध्यक्षता मे आयोजित तहसील दिवस में 67 शिकायती पत्र आए। एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं किया जा सका। तहसीलदार जितेन्द्र पाल कोतवाल सत्येन्द्र सिंह राठौर, एसडीओ विद्युत अजय कुमार, नगर पालिका जेई तोताराम आदि की मौजूदगी रही।
देर से पहुंचने पर दी कड़ी हिदायत
जालौन प्रतिनिधि के अनुसार तहसील दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी शीतला प्रसाद यादव की अध्यक्षता में तहसील सभागार में हुआ। यहां करीब 50 शिकायतें आईं और एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं किया जा सका। तहसील दिवस में खंड विकास अधिकारी जालौन व कुठौंद, नगर शिक्षा अधिकारी, अधिशाषी अभियंता बेतवा नहर प्रखंड एवं लघु
सिंचाई अनुपस्थित रहे। उपजिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण मांगा तो वहीं, मंडी सचिव, पूर्ति निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, लोक निर्माण व जल निगम के अधिकारियों के तहसील दिवस में देर से पहुंचने पर एसडीएम ने उन्हें कड़ी हिदायत दी।
एक शिकायत का भी नहीं हुआ निस्तारण
कोंच प्रतिनिधि के अनुसार उपजिलाधिकारी मुईनुल इस्लाम की अध्यक्षता और सीओ अवधेश कुमार शुक्ल की मौजूदगी में आयोजित तहसील दिवस 38 शिकायतें आईं। इसमें से किसी का निस्तारण नहीं किया जा सका। इस दौरान पहुंचे सीडीओ एसपी सिंह ने कहा कि शिकायतों का हर हाल में निस्तारण हो। लोनिवि की दो, बीडीओ नदीगांव दो, बीएसए दो,
विद्युत दो, थाना नदीगांव एक, बीडीओ कोंच सात तथा राजस्व की 14, कोतवाली कोंच की 8 लंबित शिकायतें है इनका निस्तारण भी सुनिश्चित हो। इसी के साथ लंबित शिकायतों पर संबधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। तीन अनुपस्थित अधिकारियों लघु सिंचाई, लोनिवि तथा नलकूप के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की संस्तुति की गई है। तहसीलदार भूपाल सिंह, एसडीओ विद्युत कौशलेन्द्रसिंह, आपूर्ति निरीक्षक रामस्वरूप, वन क्षेत्राधिकारी वीके सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।