उरई। पति की मौत के मामले में वांछित 25 हजार की इनामी महिला को पुलिस ने रविवार को राजेंद्र नगर चौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि वांछित भागने की फिराक में थी। उसके पति की वर्ष 2023 में जहर खाने से मौत हो गई थी। युवक की मां ने बहू पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
माधौगढ़ निवासी मुन्नी देवी ने उरई कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया था कि उसने अपने पुत्र संदीप उर्फ चतुर की शादी वर्ष 2025 में शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी नत्थू सिंह की पुत्री नीलेश उर्फ नीलू परिहार के साथ की थी। शादी के दो वर्ष बाद नीलू ने उसके पुत्र से झगड़ा कर लिया था। नीलू ने न्यायालय में तलाकनामा भी दायर किया था।
26 जून 2023 को उसी की तारीख थी। इस पर नीलू ने उसके पुत्र संदीप को राजीनामा करने की बात कहकर बुला लिया था। 23 जून को नीलू ने उसे राजीनामा के लिए दबाव बनाया। उसके पुत्र के न मानने पर उसको प्रताड़ित किया। इससे उसने जहर खा लिया था।
नीलू पति को मेडिकल कॉलेज में छोड़कर भाग गई थी। इसके बाद उसके पुत्र की मौत हो गई थी। नीलू उसके पुत्र के अंतिम संस्कार में भी शामिल होने नहीं गई थी। पुलिस ने संदीप की मां की तहरीर पर नीलू के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। घटना के बाद से नीलू फरार चल रही थी। इस पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। रविवार को पुलिस को नीलू के बारे में मुखबिर से सूचना मिली। पुलिस ने नीलू को राजेंद्र नगर चौकी के पास से पकड़ लिया।
सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि महिला के ऊपर हत्या सहित पांच मामले कोतवाली में दर्ज हैं। वह आपराधिक किस्म की है। पुलिस उसकी काफी समय से तलाश कर रही थी।