उरई। कई सालों के इंतजार के बाद अब वार्ड नंबर 25 में आने वाली मामू भांजे की मजार से आंबेडकर चौराहे तक की सड़क का डामरीकरण और चौड़ीकरण किया जाएगा। इस काम में करीब 32.14 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस काम के साथ अन्य वार्ड के प्रमुख कामों को शासन से स्वीकृति मिल गई है। करीब 2.5 करोड़ के बजट से यह काम किए जाएंगे।
नगर पालिका ईओ राम अचल कुरील ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत शहर के विकास के लिए कई करोड़ के प्रस्ताव भेजे थे। इसमें उन वार्ड और चौराहों को चुना गया था, जिनमें राहगीरों और लोगों को अधिक परेशानी हो रही थी। इस काम को शासन ने मंजूरी दे दी है। इसमें कई सड़क, नाले और स्ट्रीट लाइट का काम किया जाएगा। करीब 2.5 करोड़ रुपये बजट का प्रस्ताव पास हुआ है। इसके साथ ही एक करोड़ का बजट जारी भी हो चुका है।
योजना में वार्ड नंबर 13 में चुर्खी रोड कृषि खाद्य बीज भंडार के पास से सीसी सड़क व नाली का निर्माण 14.68 लाख रुपये से होगा। वार्ड नंबर 13 में डामर रोड तक नाला मरम्मत, सीसी निर्माण व नाली का निर्माण काम 27.20 लाख से होगा। वार्ड नंबर आठ और पांच में अजनारी रोड डीवीसी से रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क का डामरीकरण 38.37 लाख रुपये से किया जाएगा।
वार्ड नंबर दस में सीसी सड़क व नाली का निर्माण 20.83 लाख रुपये से होगा। वार्ड नंबर तीन में करमेर रोड से सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल व रामजीलाल पांडेय होते हुए सड़क का डामरीकरण 16.17 लाख रुपये से होगा। इसके अलावा 200 एलईडी स्ट्रीट लाइटें 20.89 लाख रुपये से आपूर्ति का काम किया जाएगा। यह सभी काम पहले प्रस्ताव में 1.38 करोड़ रुपये से होगा।
वहीं, दूसरे प्रस्ताव में वार्ड नंबर एक में नाली व सीसी सड़क का निर्माण 39.95 लाख से होगा। वार्ड नंबर 30 में सड़क व नाली का निर्माण 17.43 लाख रुपये से होगा। वार्ड नंबर 17 में डामरीकरण 28.82 लाख से होगा। वार्ड नंबर एक में सीसी मरम्मत कार्य 10.39 लाख रुपये से होगा। नगर पालिका ईओ ने बताया कि इन कामों के लिए एक करोड़ रुपये मिल गया है। जल्द ही काम शुरू होंगे।
वर्जन-
उरई नगर पालिका ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना में प्रस्ताव भेजे थे। वह पास हो गए हैं, जल्द ही काम शुरू होंगे। इन कार्यों से वार्डो की सूरत बदलेगी। इसके साथ ही अन्य और कार्यों को जल्द ही मंजूरी मिलने वाली है। -राजेश कुमार पांडेय, डीएम जालौन