उरई। जीआइसी सभागार में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का सीडीओ अभय कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम में 22 कर्मी गैरहाजिर मिले। इस पर सीडीओ का पारा चढ़ गया और उन्होंने सभी गैर हाजिर कर्मियों के खिलाफ नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा है। सीडीओ ने बताया कि उचित जवाब न मिलने पर सभी के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।
बता दें कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर कर्मचारियों का प्रशिक्षण चल रहा है। इसमें निर्वाचन आयोग द्रारा पीठासीन अधिकारी, प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारी का प्रशिक्षण कराया जा रहा है। कई कर्मचारी जिला प्रशासन की तमाम चेतावनी के बाद भी प्रशिक्षण कार्यक्रम को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसकी नजरी शनिवार को मिली। जहां जीआईसी में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का सीडीओ ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर का सत्यापन किया। 22 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। सीडीओ ने बताया कि इसमें पांच पीठासीन अधिकारी, चार प्रथम मतदान अधिकारी, नौ द्वितीय मतदान अधिकारी, चार तृतीय मतदान अधिकारी गैरहाजिर मिले। उन्होंने बताया कि सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दी गई है। उचित जवाब न मिलने पर सभी के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।