उरई। एक अप्रैल से शुरू होने गेहूं खरीद को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह ने सभी उपजिलाधिकारियों व अन्य खरीद से जुड़े अधिकारियों की बैठक कर निर्देश दिए है कि वह अपने अपने क्षेत्र में पड़ने वाले क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कर लें। उन्होंने चेतावनी दी है कि लापरवाही पर केंद्र जिम्मेदार अफसर पर कार्रवाई की जाएगी।
बात दें कि शासन के निर्देश पर जिले में एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होनी है। इस बार खरीद के लिए जिले में 57 केंद्र खोले गए है। जिसमें मुख्यालय में 21 व कोंच क्षेत्र में 10, जालौन तहसील में 11, कालपी में 09, माधौगढ़ 06 खरीद केंद्र खुले हैं। शासन के निर्देश है कि केंद्रों में किसानों के लिए पीने के पानी, छाया के इंतजाम के साथ साथ केंद्रों पर आवश्यक स्टाफ, बोरा, धन इत्यादि की व्यवस्था दुरस्त कर ली जाए।
इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। अपर जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारी व क्रय केंद्र से संबंधित सभी अधिकारियों की बैठक कर निर्देश दिए है कि वह केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरस्त करा ले, ताकि खरीद समय से शुरू हो सके और किसानों को अपना माल बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।