कोंच/कदौरा/रामपुरा। चुनावी बिगुल फुंकने के साथ ही जिला प्रशासन आदर्श आचार संहिता को लेकर सक्रिय हो गया है। सोमवार को भी कई जगहों पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने स्वयं खड़े होकर नेताओं के बैनर पोस्टर हटवाए।
कोंच में एसडीएम गुलाब सिंह और सीओ शीशराम सिंह और पालिका के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ नगर में घूमे तथा जहां जहां पोस्टर बैनर दिखे उतरवा दिए। चंदकुआ चौराहा, मारकंडेयश्वर तिराहा, चौकी तिराहा, पंचानन, नहर के पास आदि स्थानों के अलावा तहसील और कोतवाली में लगी सरकारी योजनाओं की भी होर्डिंग्स हटाई गईं। तहसीलदार कौशल कुमार ने नदीगांव इलाके में भ्रमण कर होर्डिंग्स उतरवाए।
इस दौरान एसएचओ नदीगांव अशोककुमार वर्मा, नगर पंचायत से शिवकुमार पांडे आदि मौजूद रहे। तहसीलदार कौशल कुमार ने माधौगढ़ विधान सभा क्षेत्र में पड़ने वाले तकरीबन डेढ़ दर्जन मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। मतदेय स्थलों पर बूथ संख्या, बीएलओ का नाम आदि लेखन नहीं था जिसके लिए उन्होंने संबंधित कर्मचारी को निर्देश दिए कि वह वॉल राइटिंग अवश्य कराएं।
कदौरा प्रतिनिधि के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक कामता प्रसाद ने थाना क्षेत्र के ग्राम बवीना, सुजानपुर, बागी, उदनपुर, खुटमिली श्रमदान सहित दो दर्जन गांवों में पहुंच कर होर्डिंग्स बैनर को हटवा कर वाल पेंटिंग को पुतवाया। ग्रामीणों संग बैठक कर चुनाव के मद्देनजर बात कर समस्याएं पूछी।
रामपुरा प्रतिनिधि के मुताबिक, पुलिस ने घूम-घूम कर मकानों पर लगे छोटे छोटे प्रचार संबंधी बैनर और झंडे भी हटवाए। साथ ही चेताया कि दोबारा बैनर या झंडे लगे मिले तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।