उरई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शाही ने परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया। परीक्षाएं 16 मार्च से शरू होकर 25 मार्च तक चलेगी। परीक्षा कार्यक्रम तीन चरणों में कक्षावार घोषित किया गया है।
बीएसए ने बताया कि परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के लिए वार्षिक परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसमें कक्षा दो की परीक्षाएं 16 मार्च से 19 मार्च तक सुबह 10 से 12 बजे तक होगी। जबकि कक्षा तीन से पांच तक की परीक्षाएं दो पालियों में होगी। इसमें 16 मार्च को सुबह की पाली में हिंदी व दोपहर एक से तीन की पाली में संस्कृत व उर्दू की परीक्षा होगी।
18 मार्च को सुबह की पाली में अंग्रेजी व शाम की पाली में हमारा परिवेश की परीक्षा होगी। 19 मार्च को सुबह की पाली में गणित तो शाम की पाली में कला व संगीत की परीक्षा होगी। इसी तरह कक्षा छह से आठ तक की परीक्षाएं भी दो पालियों में होगी। 16 मार्च को सुबह की पाली में हिंदी व शाम की पाली में गृहविज्ञान व कृषि, 18 को सुबह अंग्रेजी व शाम की पाली में कला व संगीत, 19 को गणित व शाम को स्काउट गाइड व खेल एवं
शारीरिक शिक्षा, 23 को सुबह विज्ञान तथा शाम को पर्यावरण शिक्षा, 25 को सुबह सामाजिक विषय व शाम को संस्कृत व उर्दू की परीक्षाएं होगी। खंड शिक्षा अधिकारी व परीक्षा प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि कक्षा एक के छात्र-छात्राओं की केवल मौखिक परीक्षा होगी। सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा में किसी तरह की कोताही न बरती जाए।