उरई। हाईस्कूल में सुबह की पाली में चित्रकला की परीक्षा में पंजीकृत 22066 परीक्षार्थियों में 2306 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि सुबह की पाली में इंटरमीडिएट की चित्रकला व रंजन कला विषय की परीक्षार्थी में पंजीकृत 1156 परीक्षार्थियों में 136 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इ
स दौरान सचल दलों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जबकि शाम की पाली में इंटर की भौतिक विज्ञान की परीक्षा 65 केंद्रों पर हुई। इसमें पंजीकृत 16607 परीक्षार्थियों में 1282 अनुपस्थित रहे। जबकि हाईस्कूल की सात केंद्रों पर हुई वाणिज्य की परीक्षा में पंजीकृत 64 परीक्षार्थियों में एक गैरहाजिर रहा। दोनों पालियों में 3725 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
शाम की पाली में अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह ने डीआईओएस भगवत पटेल के साथ जालौन तहसील के कर्नल ईश्वरी सिंह इंटर कालेज शेखपुर बुजुर्ग, बाबा दयालदास इंटर कालेज ऐकों, लहरी बाबा इंटर कालेज बाबली, राष्ट्रीय इंटर कालेज कुठौंद, महावीर इंटर कालेज नीमगांव के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला परिषद इंटर कालेज ऊमरी व छत्रसाल इंटर कालेज में एक-एक परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़ा गया।
गैरहाजिर मिले स्टेटिक मजिस्ट्रेट, जवाब मांगा
उरई। निरीक्षण के दौरान कर्नल ईश्वरी सिंह इंटर कालेज शेखपुर बुजुर्ग में स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रुप में तैनात जिला उद्यान अधिकारी राजेश वर्मा, जनता इंटर कालेज कुठौंद में स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रुप में तैनात जेई बालकराम, बाबा दयालदास इंटर कालेज ऐकों में स्टेटिक मजिस्ट्रेट जल निगम के जेई आलोक पटेल, महावीर इंटर कालेज नीमगांव में स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रुप में तैनात नलकूप विभाग के जेई अरविंद कुमार अनुपस्थित पाए गए। इन सभी से अपर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण मांगा है।