कदौरा। बबीना उपकेंद्र में ओवरलोड की वजह से खराब हुआ ट्रांसफार्मर देर रात को उपकेंद्र में पहुंच गया है। अधिकारियों की मानें तो पिछले कई दिनों से क्षेत्र के गांवों को तीन-तीन घंटे मिल रही आपूर्ति को 24 घंटे में नियमित कर दिया जाएगा। एसडीओ ने बताया कि जल्द ट्रांसफार्मर को टेस्टिंग के साथ चालू कर दिया जाएगा।
बता दें कि चार जनवरी को बबीना विद्युत उपकेंद्र पर लगा 10 एमवी का ट्रांसफार्मर ओवरलोड की वजह से खराब हो गया था। जिससे 3 फीडरों सहित आधा सैकड़ा गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। इसमें बबीना, बरखेरा, गुलौली, ताहरपुर, हांसा, बगिया, अलीपुर, सुजानपुर मुमताजाबाद, कठपुरुवा सहित 50 गांव की आपूर्ति बाधित हो गई थी।
तब अधिकारियों ने क्षेत्र के सभी फीडरों से तीन-तीन घंटे की अस्थायी सप्लाई शुरू करा दी थी। जिससे लोगों को बिजली संकट के साथ साथ किसानों को खेतों में पानी लगाने के लिए परेशान होना पड़ रहा था। तीन तीन घंटे की व्यवस्था अभी तक चली आ रही थी।
इस पर उपखंड अधिकारी अभिषेक सचान एवं अवर अभियंता राजेश कुमार के प्रयास से रविवार देर रात तक कस्बे में ट्रांसफार्मर आ गया है। अवर अभियंता ने बताया कि बबीना में 24 घंटे के अंदर सप्लाई सुचारु रूप से शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि दूसरे ट्रांसफार्मर में कई दिनों से तेल की कमी है जिससे डर है कि क्षेत्र के लोगों को एक बार फिर बिजली संकट से न जूझना पड़े। उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है।