उरई/जालौन/रामपुरा। जिले में सोमवार को 16 व्यक्ति और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 1101 पहुंच गई है। जिसमें 862 ठीक हो गए और 225 एक्टिव केस है। जबकि 14 लोगों की मौत हो चुकी है।
डीएम डा. मन्नान अख्तर का कहना है कि पूल टेस्टिंग के माध्यम से अधिक से अधिक जांच कराई जा रही है। जिससे ज्यादा से ज्यादा मरीज सामने आ सके और संक्रमण फैलने से रोका जा सके। सोमवार को जालौन सीएचसी में हुई 117 लोगों की जांचों में छह लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों में मोहल्ला बापूसाहब में तीन, मोहल्ला मुरलीमनोहर, नया खंडेराव व धुआंताल में एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है।
एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला, सीओ विजय आनंद, ईओ डीडी सिंह, कोतवाल रमेशचंद्र मिश्र अदि ने राजस्व और नगर पालिका की टीम के साथ मौके पर जाकर मोहल्ले को सैनिटाइज कराया। एसडीएम ने संक्रमित व्यक्यिों के निवास के 100 मीटर के दायरे को हॉटस्पॉट घोषित किए। उधर रामपुरा कस्बा के मोहल्ला राजेंद्रनगर में एक महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद एसडीएम सालिकराम ने रामपुरा पहुंचकर मोहल्ले को सील करा दिया है। नगर पंचायत ने सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया है।