उरई। विकास भवन सभागार में गुरुवार को डीएम डॉ. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2019 की तैयारियों को लेकर सभी नोडल अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में डीएम ने सभी नोडल प्रभारियों को उनके दायित्वों की जानकारी दी।
साथ ही निर्देश दिए कि अपनी अपनी जिम्मेदारी पर विशेष ध्यान दें। लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए है कि उनके क्षेत्रों में आने वाले शस्त्रों का परीक्षण कर ले तथा उसे जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कराएं।
उन्होंने कहा कि सभी उपजिलाधिकारी एवं संबधित थाना प्रभारी संवेदनशील, अति संवेदन शील व अव्यवस्थाओं से जूझ रहे बूथों को चिंह्ति कर सूची बना ले और यह भी देखे की यह बूथ किस वजह से संवेदनशील व अति संवेदनशील की श्रेणी में है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अभी से दी गई जिम्मेदारी की तैयारी शुरू कर दे। बूथों पर पहुंच उनका मौके पर निरीक्षण कर लें।
बूथों पर प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, आने जाने का रास्ता व अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच परख कर ले। साथ ही बूथों में जो कमी हो वह भी देख लें, जिसे बाद में जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जा सके। उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को भी निर्देशित किया कि चुनाव के समय कितने बसों की आवश्यकता होगी तथा उसके आने जाने के मार्ग का भी निर्धारण की सूची उपलब्ध करा दिए जाए।
चुनाव के समय वाहनों के अंदर प्रवेश न करने को लेकर यातायात पुलिस को भी निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट जेपी सिंह, वनाधिकारी अंकेश कुमार आदि मौजूद रहे।