कालपी। झांसी-कानपुर हाईवे पर शनिवार देर रात झांसी से प्रवासी मजदूरों को लेकर आ रही रोडवेज बस में सामने से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। आमने सामने हुई इस दुर्घटना में बस में सवार 13 मजदूर घायल हो गए। अधिकतर घायल मजदूर लॉक डाउन में रोजगार गंवाने के बाद अपने घर आजमगढ़ व मऊ आदि जनपदों की ओर जा रहे थे।
बता दें कि शनिवार की देर रात लगभग दो बजे जोल्हूपुर कालपी के बीच हाईवे पर जाम के चलते एक लेन बंद थी। इसके चलते रोडवेज बस का ड्राइवर जोल्हूपुर से ही गलत लेन में बस लेकर घुस आया, अभी वह मुश्किल से दो किमी ही चला होगा कि तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। जिससे हाईवे पर चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर सीओ राहुल पांडे व कोतवाल मानिक चंद्र पहुंचे और एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बस में सवार 13 मजदूर घायल हो गए। प्रवासी मजदूर मुंबई से आए थे और आजमगढ़ व मऊ आदि जनपदों में अपने घर जा रहे थे।
प्रवासी श्रमिकों में अशोक राजभर पुत्र सूबेदार राजभर, देवेंद्र पुत्र जवाहर सिंह, संजू चौहान पुत्र राजकमल चौहान, रिंकू पुत्र प्रेम जयसवाल, योगेंद्र पुत्र बलिराम, बेबी पत्नी योगेंद्र, हेमा पत्नी अभिनेंद्र, अशोक पुत्र अरविंद, भीम पुत्र वंशराज, जयेंद्र पुत्र सुरेंद्र, इसराइल पुत्र मो समीर, रमाकांत पुत्र चंद्रभान, शिवकुमार आदि घायल हो गए। इस घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्साधीक्षक डा. सुंदर सिंह ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद प्रवासी श्रमिकों को दूसरी बस से गंतव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रोडवेज बस गलत दिशा की ओर से आ रही थी, जिससे हादसा हुआ है।
कालपी में क्षतिग्रस्त खड़ी रोडवेज बस- फोटो : ORAI
घायल यात्री का इलाज करते स्वास्थ विभाग कर्मचारी- फोटो : ORAI