एट (जालौन)। बुंदेलखंड विकास निधि से जागेश्वर धाम सलाघाट की बनने वाली सड़क का सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने शिलान्यास करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही सबका साथ सबका विकास एवं जनकल्याण योजनाओं के बारे में बताया।
बता दें कि झांसी कानपुर हाईवे के पास बेतवा नदी के किनारे जागेश्वर धाम से (सिला घाट) प्रसिद्ध तीर्थ स्थल को जाने वाली सड़क कई वर्षों से ध्वस्त पड़ी थी। इससे यहां आने वाले वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। काफी समय से ग्रामीण सड़क बनवाने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए शासन ने बुंदेलखंड निधि से 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण की स्वीकृति दी है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस सड़क का निर्माण आजाद कंस्ट्रक्शन कंपनी करेगी। कंपनी को एक साल में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए है। विधायक ने शिलान्यास कर कहा कि सरकार की मंशा है हाईवे से जुड़ने वाले गांवों की सड़कों का निर्माण किया जाए। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एके श्रीवास्तव ने कहा की जागेश्वर धाम की सड़क पूर्ण रूप से गुणवत्ता के अनुरूप बनेगी। इस दौरान ग्राम प्रधान पिरौना राकेश यादव, एके मिश्रा सहायक अभियंता, राशिद सिद्दीकी, मधु मिश्रा आदि मौजूद रहे।
जल्द कस्बे की जर्जर सड़क भी बनेगी
एट कस्बे से निकली पुराने कानपुर झांसी हाईवे की सड़क का मामला भी सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने शिलान्यास के समय अधिशासी अभियंता अवनीश कुमार के सामने रखा तो उन्होंने सदर विधायक को जानकारी देते हुए कहा कि अप्रैल में 800 मीटर की सड़क का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। उसके बाद प्रस्ताव पास होने के बाद सड़क का निर्माण शुरू किया जाएगा।