उरई। इंस्पायर मानक अवॉर्ड योजना में जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में जिले के 118 चयनित छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। प्रतियोगिता का आयोजन इस माह की 23 जुलाई को राजकीय इंटर कॉलेज में किया जाएगा।
जिले में इंस्पायर मानक अवॉर्ड योजना में जनपद स्तरीय विज्ञान व प्रोजेक्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में कुल 118 चयनित छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। इसमें वर्ष 2023-24 के चयनित 42 और वर्ष 2024-25 में चयनित 76 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इस प्रदर्शनी में जिले के चयनित बाल वैज्ञानिक अपने हुनर को दिखाते हुए नवाचारी विज्ञान मॉडल व प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे। इस प्रस्तुति के जरिए बाल वैज्ञानिकों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित ने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रदर्शनी कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विज्ञान प्रदर्शनी में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को सरकार से प्रोत्साहन राशि दस हजार रुपये की राशि उनके खातों में भेजी जा चुकी है। प्रतियोगिता का आयोजन जुलाई माह के तीसरे हफ्ते में कराया जाएगा। इंस्पायर अवार्ड योजना के जिला समन्वयक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि इस प्रदर्शनी को देखने के लिए अहमदाबाद से चार सदस्यीय टीम भी आ रही है। इसमें सुनील भास्कर, प्रणित श्रीवास्तव के नेतृत्व में चार सदस्यीय वरिष्ठ वैज्ञानिक आ रहे हैं।